आगरा: प्रशासन और सरकार की लापरवाही से गई लोगों की जान, ऑक्सीजन के लिये भीख मांगती अस्पताल संचालिका का Video Viral
नमन सत्य न्यूज ब्यूरो
इन दिनो ऑक्सीजन किल्लत को लेकर उत्तर प्रदेश का आगरा बेहद सुर्खियों में है, क्योंकि हाल ही में पारस अस्पताल के डॉक्टर का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें डॉक्टर जैन द्वारा ऑक्सीजन की कमी के चलते 22 लोगों की मौत की दर्दनाक कहानी सुनाई जा रही थी। इसके बाद एक बार फिर ऑक्सीजन की कमी को लेकर आगरा से एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें एक अस्पताल की संचालिका द्वारा लगातार ऑक्सीजन की कमी की बात कहते हुए, ऑक्सीजन पूर्ति कराने के लिए निवेदन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार प्रतापपुर स्थित आगरा मेडिकल कार्डियक सेंटर की संचालिका डॉक्टर तूलिका ने अपने अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत को लेकर ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग की थी। जिसमें डॉक्टर तूलिका कहती हुई नजर आ रही है कि उनके अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं है। मरीज किसी भी वक्त दम तोड़ सकते हैं। वीडियो को देखकर ऐसा भी लग रहा है की डॉक्टर तूलिका को प्रदेश सरकार और आगरा प्रशासन पर जरा भी विश्वास नहीं था। लिहाजा वीडियो में डॉक्टर तूलिका बार-बार यह कहती हुई नजर आ रही है की उन्हें पता है की उन्हें ऑक्सीजन नहीं मिलेगी। इसके साथ ही डॉक्टर तूलिका वीडियो में यह भी कहती हुई नजर आ रही हैं की उनके अस्पताल में बेहद युवा लोग भर्ती हैं। जिनकी उम्र 24 -27 साल के आसपास है। डॉ तूलिका ने कहा कि कृपया लोगों के मरने का इंतजार ना करें तत्काल ऑक्सीजन सिलेंडर भिजवा दीजिए। मैं आपके आगे हाथ जोड़ती हूं। इसके साथ ही एक बार फिर डॉक्टर तूलिका ने प्रदेश सरकार पर और प्रशासन पर सवाल खड़ा करते हुए वीडियो में कहा कि फिलहाल अस्पताल में भर्ती लोगों को बचा लीजिए। वह कल से अस्पताल में ताला लगा देंगी। उसके बाद प्रशासन मरीजों को जहां ट्रांसफर करना चाहे कर दे। फिलहाल लाइफ सपोर्ट भिजवा दीजिए।
डॉक्टर तूलिका का यह वीडियो 25 अप्रैल के आसपास का बताया जा रहा है। जिसमें ना सिर्फ प्रशासन की घोर लापरवाही नजर आ रही है, बल्कि प्रदेश सरकार की नाकामयाबी भी साफ झलक रही है।