July 1, 2024

उत्तर प्रदेश में आप और समाजवादी पार्टी का होगा गठबंधन, अखिलेश से मिले संजय

0

लखनऊ ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल लगातार तेज होती जा रही है। ऐसे में तमाम पार्टियां अपनी जुगलबंदी में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे। अचानक दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारे में चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात सपा के प्रदेश कार्यालय मे बने जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट ऑफिस में हुई।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह एक औपचारिक मुलाकात थी। इसमें कोई राजनीतिक बात नहीं है। 1 जुलाई को अखिलेश का जन्मदिन था। उस दिन वो प्रदेश में नहीं थे। इसीलिए अभी उनको मिलकर संजय ने अखिलेश को जन्मदिन की बधाई दी है। इसमें कोई भी राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है। इसके आगे संजय ने कहा कि वैसे भी वो अखिलेश से लगातार मुलाकात करते रहते हैं। इस मुलाकात में केवल यूपी में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चर्चा हुई। जिस पर अखिलेश ने कहा कि, यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि यूपी के 25 जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। इससे यह साफ होता है कि कहीं न कहीं योगी आदित्यनाथ की सरकार ने इस पूरे चुनाव को हाईजैक कर लिया है।

हालांकि संजय सिंह का कुछ भी कहना हो लेकिन राजनीतिक गलियारे की चर्चाओं को भी भुलाया नहीं जा सकता है। दरअसल सूत्रों से खबर है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी और सपा गठबंधन कर सकते हैं। ऐसे में यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में सभी पार्टियां लगातार चुनाव को लेकर एक दूसर से बातचीत करने में लगे हुए हैं। जिसमें भागीदारी संकल्प मोर्चा भी शामिल है। जिसकी अगुवाई फिलहाल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर कर रहे हैं। जिनका कहना है कि संयुक्त मोर्चे में अभी तक 10 क्षेत्रीय पार्टियां शामिल हो चुकी हैं। आगामी दिनो में और भी पार्टियां भागीदारी संकल्प मोर्चे के साथ गठबंधन करेंगी। जिसके बाद 2022 विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *