July 8, 2024

पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का लि‍वर सिरोसिस बीमारी के चलते निधन, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था ईलाज

0

नमन सत्य न्यूज ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर से बीजेपी के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का बुधवार की रात गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में निधन हो गया। वह करीब 50 साल के थे। बताया जा रहा है कि वो लम्‍बे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की सूचना से राजनीतिक गलियारों और उनके समर्थकों में शोक की लहर है। कई भाजपा नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। वहीं उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक शरद त्रिपाठी को लि‍वर सिरोसिस बीमारी के कारण कुछ दिन पहले मेदांता में भर्ती कराया गया था। जहां पिछले दो-तीन दिन से उनकी हालात काफी ज्यादा बिगड़ने लगी थी। वहीं जिला उपाध्यक्ष हरिकेश राम त्रिपाठी के मुताबिक बुधवार की रात 11 बजे शरद त्रिपाठी के निधन की सूचना मिली। फिलहाल उनके रीड साहब धर्मशाला स्थित आवास पर परिवार का कोई सदस्य नहीं है क्यूंकि सभी गुरुग्राम में है,लेकिन उनके समर्थक, शुभचिंतक और जानने वाले लगातार पहुंच रहे हैं।

आपको बता दें कि देवरिया के सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी के पुत्र शरद त्रिपाठी साल 2014 में भाजपा के टिकट पर संतकबीरनगर से सांसद बने थे। शरद त्रिपाठी मूल रूप से उत्तरप्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले थे। खजनी तहसील क्षेत्र में उनका पैतृक निवास है। वह परिवार के साथ गोरखपुर महानगर में रहते थे। उनके पिता रमापति राम त्रिपाठी 2007 से 2010 तक भाजपा के उत्‍तर प्रदेश अध्‍यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वह देवरिया से भाजपा के सांसद हैं। शरद अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वहीं उनके निधन की सूचना मिलने पर लगातार लोग संवेदना व्यक्त कर रहें है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि शरद त्रिपाठी का असमय जाना काफी दुखद है, उन्होंने संत कबीर दास की विचारधारा को आगे बढ़ाया, इस दुख की घड़ी में उनके परिवार को भगवान मनोबल दें। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि, यूपी बीजेपी के कर्मठ नेता व संतकबीरनगर के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी ने हमेशा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने का काम किया। उनका असामयिक निधन भाजपा परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं रमापति त्रिपाठी,सहित सभी परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। वहीं सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करते हुए संवेदना व्यक्त की और लिखा, संतकबीरनगर से भाजपा के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिजनों को यह दारुण दुःख सहने की शक्ति दें और दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।इसके अलावा गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने ट्वीट कर लिखा कि, संतकबीरनगर लोकसभा के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का निधन हो गया, आपका असमय जाना बहुत ही दुखदः है, ईश्वर आत्मा को शान्ति दें और परिवारजनों को इस वज्रपात को सहन करने का संबल प्रदान करें। इसके अलावा और नेताओं ने शरद त्रिपाठी के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

गौरतलब है कि शरद त्रिपाठी 2014 का लोकसभा चुनाव संतकबीरनगर से जीते थे। 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मार्च महीने में जिला योजना की बैठक के दौरान उनका संतकबीरनगर की मेंहदावल सीट से भाजपा विधायक राकेश सिंह बघेल से विवाद हो गया था। जहां पर कलेक्ट्रेट सभागार में तत्कालीन सांसद और विधायक के बीच मारपीट हुई थी। यह मामला जूताकांड के नाम से काफी चर्चित हुआ था। बाद में पार्टी ने संतकबीरनगर से उनका टिकट काटकर प्रवीण निषाद को दिया और उनके पिता रमापति राम त्रिपाठी को देवरिया से मैदान में उतारा गया। वह चुनाव जीते और वर्तनाम में सांसद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *