July 8, 2024

मिल्खा को नमन: कोरोना से मिल्खा का निधन, PM समेत पूरे देश में शोक की लहर

0

देश के महान धावक और अपनी उपलब्धियों से दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाले एथलीट फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। कोरोना से ठीक होने के बाद वह कई समस्यों से जूझ रहें थे। जिसके बाद शुक्रवार रात वो जिंदगी की जंग हार गए हैं। इसी हफ्ते उनकी पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह का देहांत भी कोरोना से हो गया था।  मिल्खा सिंह ने 91 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा तो वहीं उनकी पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह ने 85 साल की उम्र में अन्तिम सांस ली।

आपको बता दें कि बीते दिनों ही मिल्खा सिंह कोरोना निगेटिव हुए थे, लेकिन अचानक से उनकी तबीयत दोबारा खराब होने लगी। इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ के PGI अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई है। मिल्खा सिंह का अंतिम संस्कार आज यानी शनिवार शाम 5 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 25 स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए 3 बजे उनका पार्थिव शरीर सेक्टर 8 स्थिति उनके आवास पर रखा जाएगा।

मिल्खा सिंह के निधन की सूचना चंडीगढ़ PGIMER अस्पताल ने भी एक स्टेटमेंट जारी करके दी है। अस्पताल ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि ”मिल्खा सिंह 3 जून को PGIMER अस्पताल में भर्ती हुए थे। 13 जून तक उनका कोरोना का इलाज चलता रहा। अंततः वे कोरोना नेगेटिव आ गए. हालांकि बाद में पोस्ट कोविड दिक्कतें आने के कारण उन्हें कोविड अस्पताल से मेडिकल ICU में भर्ती कर दिया गया लेकिन डॉक्टरों की टीम के द्वारा की गई पूरी कोशिशों के बाद भी वे क्रिटिकल कंडीशन से बाहर नहीं आ सके और 18 जून की रात 11.30 बजे वे स्वर्ग के लिए प्रस्थान कर गए.”

मिल्खा सिंह के निधन के बाद देश में शोक की लहर

मिल्खा सिंह के निधन के बाद देश में शोक की लहर है, सभी बड़ी हस्तियां उनके निधन पर दुख व्यक्त कर रहें है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा है ”हमने एक महान खिलाड़ी खो दिया है।

‘रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर लिखा कि ”मिल्खा सिंह एक बेहतरीन एथलीट और स्पोर्टिंग लेजेंड थे। उन्होंने अपनी उपलब्धियों से देश को गौरवंतित महसूस कराया था। वह एक शानदार व्यक्ति थे। अपनी अंतिम सांस तक उन्होंने खेल के क्षेत्र में अपना योगदान दिया। उनके निधन की खबर से मैं दुखी हूं. उनके परिवार और प्रशंसकों को संवेदनाएं. ओम शांति.’

इसके अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा है, ‘देश में जब भी उड़ान की कहानियां कही जाएंगी, तब एक ऐसी शख्सियत का नाम जरूर आएगा जिसने रेस के मैदान में देश और करोड़ों भारतीय युवाओं के सपनों को एक नई ऊंचाई दी. मिल्खा सिंह जी, विनम्र श्रद्धांजलि.’

वहीं फिल्म अभिनेता और मिल्खा सिंह पर बनीं फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले फरहान अख्तर ने भी संवेदना प्रकट की है. उन्होंने लिखा है. मेरे मन का एक हिस्सा यह मानने को बिल्कुल राजी नहीं है कि आप नहीं रहें. हो सकता है यह जिद है. वहीं जिद जो मैंने आप से सीखी थी.’ महानायक अमिताभ बच्चन ने लिखा है- ”दुखद, मिल्खा सिंह चले गए, भारत के गौरव, एक महान एथलीट, एक महान इंसान, वाहेगुरु दी मेहर, प्रार्थनाएं”

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर सहित देश की तमाम हस्तियों ने मिल्खा सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है

मिल्खा सिंह के नाम दर्ज है कई रिकॉर्ड

बात मिल्खा सिंह की उपलब्धियों पर करें तो, मिल्खा सिंह ने एशियाई खेलों में चार स्वर्ण पदक जीतकर ट्रैक और फील्ड में अपना नाम बनाया। उन्होंने कार्डिफ में 1958 के राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा 1960 के रोम खेलों के 400 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रहते हुए मिल्खा सिंह ओलंपिक पदक से चूक गए थे, लेकिन उन्होंने वहां भी रिकॉर्ड बना दिया था। जब 45.73 सेकेंड के अंदर उन्होंने दौड़ पूरी की कर ली थी। जिसके 40 साल बाद 1998 में परमजीत सिंह ने इसे पार किया था। हालांकि उसके पहले 40 साल तक यह रिकॉर्ड मिलखा सिंह के नाम कायम था। मिल्खा सिंह ने 1956 और 1964 के ओलंपिक में भी हिस्सा लिया था। उन्हें 1959 में भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। अब 91 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह देने के बाद भी मिल्खा सिंह के रफ्तार की धमक सदियों तक सुनाई देती रहेगी और हर एक व्यक्ति को प्रेरित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *