July 3, 2024

महंगाई और बढ़ती तेल की कीमतों के खिलाफ देशभर में कांग्रेस का महाप्रदर्शन

0

देश में महंगाई और बढ़ती तेल की कीमतों को लेकर शुक्रवार यानी आज देशभर में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ देश के सभी पेट्रोल पंपो पर धरना प्रदर्शन किया है। इस कड़ी में देश के अनेकों कोने से प्रदर्शन की तस्वीरें भी सामने आई । वहीं महंगाई और बढ़ती तेल की कीमतों को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने भी केंद्र सरकार को आड़े हाथ लेते हुए ट्वीट किया। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा जीडीपी  गिर रही है, बेरोजगारी बढ़ रही है और तेल की कीमतें लगातार आसमान छू रही है। बीजेपी और कितने तरीकों से देश को लूटेंगी। वहीं प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा महामारी के दौरान मोदी सरकार ने पेट्रोल डीजल पर 2.74 लाख करोड़ रुपए टैक्स वसूले। इन पैसों से पूरे भारत को 67 हजार करोड़ वैक्सीन, 718 जिलों में ऑक्सीजन प्लांट, 29 राज्यों में एम्स अस्पताल और 25 करोड़ गरीबों को 6 हजार रुपए की मदद मिल सकती थी, लेकिन देश को मिला कुछ भी नहीं। वहीं दूसरी तरफ देश के अलग-अलग राज्यों के पेट्रोल पंप से कांग्रेस प्रदर्शन की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं।

फरीदाबाद NIT विधायक नीरज शर्मा की अगुवाई में प्रदर्शन

फरीदाबाद एनआईटी विधायक नीरज शर्मा की अगुवाई में कांग्रेस दल के नेताओं ने पेट्रोल पंप पर महंगाई और मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेसी विधायक नीरज शर्मा ने कहा की देश भर में बढ़ती तेल की कीमतों से आम जनता परेशान है। बावजूद इसके मुख्यमंत्री खट्टर और मोदी सरकार कि नींद नहीं टूट रही। इसलिए महंगाई और बढ़ती तेल की कीमतों के खिलाफ देशभर के पेट्रोल पंप पर कांग्रेस अपना विरोध प्रदर्शन कर रही है।

उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर, हरदोई समेत सभी जिलों में काग्रेस का भारी प्रदर्शन

सुल्तानपुर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा की अगुवाई में जिले भर के पेट्रोल पंप पर महंगाई और बढ़ती तेल की कीमतों के विरोध में मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी और योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि पूरा देश भयंकर महामारी के प्रकोप से पीड़ित है। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा लगातार तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की जा रही है। जिसके चलते देश का आम नागरिक बेहद परेशान है। लिहाजा सरकार की नींद तोड़ने के लिए देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सभी पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन जारी है। इसके आलावा महंगाई और बढ़ती तेल की कीमतों को लेकर हरदोई में भी जिला अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप के बाहर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि देश भर में महंगाई चरम पर है। ऐसे में सरकार को महंगाई पर तत्काल रोक लगानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *