September 21, 2024

भारतीय क्रिकेटर शिवम दुबे ने नई पारी की शुरू, गर्लफ्रेंड अंजुम खान से रचाई शादी

0

स्पोर्टस डेस्क

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड अंजुम खान से मुंबई में एक निजी समारोह में शादी कर ली है। शिवम ने अपनी शादी की जानकारी सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने ट्विटर पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘हमने प्यार से प्यार किया, जो मोहब्बत से ज्यादा था और अब हमारी हमेशा के लिए जिंदगी शुरू होती है। जस्ट मैरिड 16-07-2021। तस्वीरों में शिवम दुबे अपनी वाइफ अंजुम खान को अंगूठी पहना रहे हैं। एक फोटो में शिवम और अंजुम दुआओं में हाथ उठाए हुए हैं। वहीं एक तस्वीर में दोनों वरमाला पहने हुए हैं। साथ ही दोनों ही बहुत क्यूट दिख रहे हैं। तस्वीरों को देखकर लग रहा है कि शादी हिंदू-मुस्लिम रीति रिवाज से हुई होगी। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ कि, शादी हिंदू-मुस्लिम रीति-रिवाजों से हुई है या सिर्फ मुस्लिम धर्म के अनुसार। फिलहाल दोनों के नए सफर के लिए अनंत शुभकमनाएं।

गौरतलब है कि, शिवम दुबे आईपीएल-2021 में राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा हैं, उन्होंने आईपीएल के टलने तक 6 मैच खेले थे। जिसमें उन्होंने 117.88 के स्ट्राइक रेट से 145 रन बनाए थे, हालांकि गेंदबाजी में वह फ्लॉप रहे। उनके नाम एक भी विकेट नहीं रहा, वहीं शिवम ने आईपीएल में अभी तक 21 मैच खेले हैं। जिसमें 19 की औसत से 314 रन बनाए हैं। 46 रन उनका हाइस्ट स्कोर रहा है। इसके अलावा उन्होंने 4 विकेट चटकाए हैं। ज्ञात हो कि, शिवम दुबे ने नवंबर 2019 में इंटरनेशनल क्रिकेट में भी डेब्यू किया था, उन्होंने अब तक 12 T20I और एक ODI मैच खेला है, जिसमें इस ऑलराउंडर के नाम T20 में 136.36 के स्ट्राइक रेट से 105 रन हैं और 54 रन उच्चतम स्कोर है। उन्होंनें वेस्टइंडीज के खिलाफ दिसंबर 2019 में बनाए थे, इस पारी के दौरान उन्होंने 30 गेंदों का सामना किया था, जिसमें तीन चौके और चार छक्के लगाए थे।

वहीं आपको बता दें कि, शिवम दुबे का जन्म 26 जून 1993 को मुंबई में हुआ था। बचपन से ही उन्हें क्रिकेट खेलने का शौक था और उन्होंने जल्द ही क्रिकेट प्रैक्टिस शुरू कर दी थी। हालांकि 14 साल की उम्र में आर्थिक दिक्कतों के कारण शिवम ने अपनी प्रैक्टिस पर रोक लगा दी थी। जिसके बाद 19 साल की उम्र में उन्होंने दोबारा वापसी की और शानदार खेल दिखाकर मुंबई की टीम में सिलेक्शन पा लिया था। उन्होंने 2015-16 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान t20 में मुंबई के लिए डेब्यू किया था। इसके अलावा लिस्ट A में उन्होंने 2016-17 में विजय ट्रॉफी के दौरान पदार्पण किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *