अयोध्या घोटाला कांड: प्रियंका ने BJP पर साधा निशाना, केशव बोले राम भक्तों के खून से रंगे हाथ वाले ना दें सलाह

नेशनल डेस्क
अयोध्या में बन रहे राम मंदिर से जुड़ी जमीन की खरीदारी को लेकर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी से पूर्व विधायक तेज नारायण पाण्डेय ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ट्रस्ट पर आरोप लगाया है कि, 2 करोड़ों की जमीन को 18 करोड़ में खरीदा गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में सरगर्मियां तेज हो गई और सरकार से सवाल किया जाने लगा। उन्हीं सवालों का जवाब देते हुए आज उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, जिनके हाथ राम भक्तों के खून से रंगे हैं। कृपया करके वो सलाह देने ना आए, अगर कोई आरोप लगा है तो उसकी जांच होगी, जिसने भी गड़बड़ी की होगी उस पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। राम मंदिर का निर्माण लगातार जारी था, जारी है, जारी रहेगा, बाहरी लोग सलाहकार ना बने।
आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के बाद अब कांग्रेस ने भी इस मसले पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को ट्वीट कर लिखा कि “करोड़ों लोगों ने आस्था और भक्ति के चलते भगवान के चरणों में चढ़ावा चढ़ाया, उस चंदे का दुरुपयोग अधर्म है, पाप है, उनकी आस्था का अपमान है”
गौरतलब है कि रविवार को सबसे पहले सपा और AAP ने इस मसले को सामने रखा था। जिसके बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि, ये आरोप निराधार हैं और राजनीति से प्रेरित है। ट्रस्ट के अलावा अयोध्या के मेयर और डीएम ने भी इन आरोपों को गलत बताया है।