बिहार : 10 दिन का बढ़ा लॉकडाउन, सीएम नीतीश ने किया ऐलान

नमन सत्य ब्यूरो
देश में कोरोनावायरस की लहर को देखते हुए बिहार सरकार ने लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया है। बिहार में अब 25 मई तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। इस दौरान बिहार में पहले जैसी पाबंदियां जारी रहेंगी। इस बीच किसी भी गैर जरूरी आवश्यकता वाले लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी। केवल एसेंशियल सर्विस को ही लॉकडाउन के दरमियान छूट दी गई है। बिहार में लॉकडाउन बढ़ने की जानकारी खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर साझा की है। जिसमें सीएम नीतीश ने लिखा
“आज सहयोगी मंत्री गण एवं पदाधिकारियों के साथ बिहार में लागू लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा की गई। लॉकडाउन का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। अतः बिहार में अगले 10 दिनों अर्थात 16 से 25 मई 2021 तक लॉकडाउन को विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है”
आपको बता दें बिहार में कोरोनावायरस संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए हाई कोर्ट ने बिहार सरकार को कड़ी फटकार लगाई थी। जिसके बाद सीएम नीतीश कुमार ने 5 से 15 मई तक बिहार में लॉकडाउन लगाने की घोषणा की थी। जिसे अब बढ़ाकर 25 मई तक कर दिया गया है।