July 8, 2024

इंदौर हादसे में मरने वालों की संख्या हुई 35, CM शिवराज करेंगे घटनास्थल का दौरा

0

इंदौर के बेलेश्वर महादेव मंदिर हादसे में मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक 35 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है। इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी ने शुक्रवार सुबह यह जानकारी दी। वहीं कुछ और लोगों के कुएं फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू टीम पिछले 20 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सुबह लगभग साढ़े नौ बजे इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की। सीएम उस अस्पताल में पहुंचे जहां मंदिर हादसे में घायल हुए लोगों को भर्ती कराया गया है। सीएम ने उनके परिजनों से भी बात की। इसके पश्चात घटनास्थल का दौरा भी करेंगे।

क्या थी हादसे की वजह

मध्य प्रदेश के इंदौर में बेलेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में रामनवमी की पूजा चल रही थी। पूजा के दौरान ही मंदिर में बनी बावड़ी (कुएं) की छत धंस गई। जिसमें गिरने से अब तक 35 लोगों की जान जा चुकी है। जानकारी के मुताबिक, मंदिर में पुराना कुआं था जिसे भरा नहीं गया बल्कि इसकी छत को ढक दिया गया था। इसी छत के धंसने से भीषण हादसा हुआ। कुआं कम से कम 50-60 फीट गहरा और पानी से भरा हुआ था।

बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में पिछले 20 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। शुक्रवार सुबह तक कुल 35 शव बरामद किए गए। वहीं अभी और लोगों के कुएं में फंसे की आशंका जताई जा रही। रात 12 बजे से सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन का मोर्चा संभाला। 5 घंटे के अंदर ही सेना ने 21 शव निकाले। सभी मृतकों को एमवाय अस्पताल में भेजा गया, जहां रात में ही उनका पोस्टमार्टम कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *