UP: अखिलेश की सियासी जमीन पर प्रियंका ने चली चाल, लखीमपुर खीरी पहुंच कर सपा नेता का जाना हाल

लखनऊ ब्यूरो
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस की नैय्या पार लगाने की तैयारी में जुट गई हैं। इसी कड़ी में प्रियंका अपने उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर है। जहां उनका आज यूपी दौरे का दूसरा दिन था। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखीमपुर खीरी की अनीता यादव के साथ मुलाकात की है। आपको बता दें कि, लखीमपुर जिले के पसगवां की रहने वालीं अनीता यादव के साथ ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बदसलूकी हुई थी। इसीलिए प्रियंका उनसे मिलने पहुंची थी। मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि, बीजेपी के गुंडों को सजा मिलनी चाहिए। ताकि भविष्य में महिलाओं के साथ ऐसा न हो सके। वहीं अनीता से मुलाकात के बाद प्रियंका ने कहा कि, मैं महिला होने के नाते अनीता से मिलने आई हूं, यहां किसी दल के नाते नहीं आई हूं। आपको बता दें कि, अनिता यादव चुनाव में सपा की प्रत्याशी थी, और पर्चा दाखिल करने के दौरान गुंडों ने उनपर हमला कर दिया था और बादसलुकी की थी।
वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि, प्रियंका गांधी ने अनीता यादव से मुलाकात की, क्योंकि अनीता पसगांव, लखीमपुर खीरी की क्षेत्र पंचायत कार्यकर्ता हैं। इसके आगे लल्लू ने कहा कि, उत्तर प्रदेश में जंगलराज है और प्रियंका गांधी ही एक मात्र उम्मीद हैं। प्रियंका गांधी हर उस महिला के साथ खड़ी हैं, जिनके साथ योगीराज में बुरा सुलूक हो रहा है।
इसके अलावा इसी बीच, कांग्रेस नेताओं पर गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन करने को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन सभी पर धारा 144 और कोविड नियमों के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू समेत 5 पदाधिकारी नामजद हैं। ये मामला हजरतगंज कोतवाली में दर्ज कराया गया है।
इस पूरे मामले में और प्रियंका गांधी के लखनऊ यात्रा पर सरकार के मंत्री मोहसिन रजा ने निशाना साधते हुए कहा कि, वह कभी भी जाने के लिए आजाद हैं क्योंकि उत्तर प्रदेश सभी के लिए सुरक्षित है, खासकर महिलाओं के लिए। जनता ने कांग्रेस को हर जगह से नकार दिया है, अगर प्रियंका गांधी सच में कुछ करना चाहती हैं तो उनको किसानों को वो जमीनें लौटाना चाहिए जो कांग्रेस नेताओं ने ले ली है।
गौरतलब है कि, प्रियंका के तीन दिवसीय यूपी दौरे का शनिवार को दूसरा दिन है। पहले दिन उन्होंने बीजेपी और योगी सरकार पर करारा प्रहार किया था, और हाल ही में संपन्न हुए यूपी पंचायत चुनाव में हुई हिंसा को लेकर प्रियंका गांधी दो घंटे तक मौन रहते हुए धरना दिया था। इसके अलावा योगी सरकार पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा था कि, प्रदेश में किडनैपिंग हो रही है, चुनाव में हिंसा हुई, महिला के कपड़े खींचे गए, ये सरकार की नाकामी है और प्रदेश में अराजकता है।