चंदौली: राहुल गांधी पर बोले केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडे, उनकी बातों को सुनने की जरूरत नही

चंदौली संवाददाता
केंद्रीय मंत्री और चंदौली से सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय गुरुवार को शहर के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसके साथ ही बहुत सारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इसके अलावा सांसद महेंद्र ने सकलडीहा सीएचसी केंद्र को गोद लिया। तमाम कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत की और कई मुद्दों पर बेबाकी से जवाब दिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि, ‘देश में उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता, उन्हें अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर भाजपा पर सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल के आरोप पर सांसद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, ‘सत्ता के दुरुपयोग के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव ही देश और दुनिया में ख्याति पाए हुए है। उन्होंने जैसा किया वैसे ही सब को समझते है। बीजेपी लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखती है। इसके अलावा सीमा पर ड्रोन से हो रहे हमलों के सवाल पर महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि, ‘देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सरकार की रणनीति बहुत कारगर है। देश की सभी सीमाएं सुरक्षित हैं। हमारी सेना दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
आपको बता दें कि, चंदौली दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कौशल विकास मंत्री महेंद्र पांडेय ने सकलडीहा स्वास्थ्य केंद्र को गोद लेने की घोषणा करते हुए, स्वास्थ्य केंद्र को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किये जाने की बात कही। ताकि आस-पास के क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधा बेहतर मिल सके। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हाई मास्ट सोलर पैनल, माड्यूलर ओटी और लेबर रूम के लिए 20 लाख समेत कई योजनाओं में मदद देने की भी घोषणा की।