July 1, 2024

जितिन प्रसाद के बाद बागी हुये कई और कांग्रेसी नेता, प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा

0

उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस तैयारियों में जुटी हुई है, और इस बार एक मजबूत संगठन बनाकर सूबे की सत्ता में वापसी के सपने देख रही है। लेकिन इसी बीच कांग्रेस के कुछ नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

दरअसल कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव सुनील राय ने मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और प्रियंका गांधी के निजी सचिव को हटाने की मांग कर दी और राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर मंगलवार को धरना प्रदर्शन करने तक का ऐलान कर दिया। लेकिन मंगलवार को देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के राजधानी लखनऊ दौरे को देखते हुए कांग्रेस नेताओं को धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली। हालांकि तब भी कांग्रेस नेता धरना प्रदर्शन करने पर अड़े रहे, जिसके बाद पुलिस ने इन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया।

वहीं कांग्रेस के बागी नेता सुनील राय ने कहा कि कांग्रेस कमेटी वामपंथियों से गिर गई है, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सवर्ण विरोधी हैं।वह दबाव में काम कर रहे हैं, साथ ही पूर्व मंत्री, विधायक और सांसद जैसे पुराने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को बाहर करने का काम कर रहे हैं। लेकिन हम इसके खिलाफ निरंतर लड़ाई लड़ते रहेंगे। इसके अलावा सुनील राय ने प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि सैलरी पर काम करने वाले संदीप सिंह कांग्रेस के सीनियर नेताओं से गुंडई और बदतमीजी करते हैं। पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपमानित करते हैं। साथ ही प्रियंका गांधी तक हम लोगों की बात नहीं पहुंचाते हैं। जब तक सैलरी पर काम करने के साथ एनजीओ चलाने वाले संदीप सिंह और अजय लल्लू जैसे लोगों का कांग्रेस पर कब्जा रहेगा, तब तक हमारा यह प्रदर्शन चलता रहेगा।

गौरतलब है कि पिछले दिनों ही उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का ब्राह्मण चेहरा रहे जितिन प्रसाद ने पार्टी का दामन छोड़कर बीजेपी के साथ चले गए थे। जिसके बाद से पार्टी में सवर्णों की वरीयता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई। वहीं अब सुनील राय ने भी मोर्चा खोल दिया है। जिसके बाद से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं, और ऐसे में जब विधानसभा चुनाव अब बिल्कुल नजदीक है, तो पार्टी में फूट शुभ संकेत नहीं माना जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *