देशभर में मनाया जा रहा है गंगा दशहरा, CM योगी सहित कई नेताओं ने श्रद्धालुओं को दी बधाई

नमन सत्य ब्यूरो
पूरे देश में आज गंगा दशहरा का पर्व मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मथुरा में भी गंगा दशहरा के पर्व पर यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। यमुना में स्नान कर श्रद्धालु विशेष पुण्य का लाभ ले रहें है। माना जाता है कि इस दिन गंगा मैया धरती पर आयी थीं। राजा सगर के एक हजार पुत्रों की आत्मा की शांति के लिए भागीरथ ने तपस्या की और प्रसन्न होकर माता गंगा धरती पर आयीं। इससे पहले वे हिमालय में सप्त ऋषियों और देवताओं की पूज्य थी लेकिन धरती पर आने के बाद वे पूरी मनुष्य जाति का उद्वार करने लगीं। आज के दिन दान पुण्य भी किया जाता है। खास तौर पर ब्रज मंडल में आज के दिन कचौड़ी जलेबी खाने के साथ शर्बत पीने का महत्व भी होता है। वहीं धार्मिक मान्यता है कि गंगा ओर यमुना नदी में स्नान करने से व्यक्ति के पाप कटते हैं। दूसरी तरफ यदि स्नान गंगा दशहरा पर्व पर किया जाए तो इसका पुण्य कई गुना बढ़ जाता है। यमुना मैया को भी पवित्र नदियों में गिना जाता है। जो लोग गंगा मैया के तट पर न जा सकते हों वे यमुना नदी में स्नान करते है।
गौरतलब है कि गंगा दशहरा हिंदू का त्योहार है। इसी कड़ी में बड़ी हस्तियों ने गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बधाई देते हुए लिखा ‘माँ गंगा के अवतरण दिवस ‘गंगा दशहरा’ की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। श्रद्धा और आस्था का ये पर्व आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लेकर आए। पतित पावनी मां गंगा का आशीर्वाद सभी पर सदा बना रहे।जय माँ गंगे। वहीं यूपी के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर गंगा दशहरा की शुभकामनाएं दी और लिखा ‘भारतीय अध्यात्म एवं संस्कृति की सनातन स्रोत पुण्यसलिला, मोक्ष प्रदायिनी, राष्ट्र नदी, भगवती भागीरथी माँ गंगा के पृथ्वी पर अवतरण दिवस “गंगा दशहरा” की सभी जनों को अनन्त शुभकामनाएं। माँ गंगा की कृपा से सभी को स्वस्थ और सुखी जीवन की प्राप्ति हो। माँ गंगा की कृपा सभी पर बनी रहे’।