दिल्ली : एक हफ्ते और बढ़ा लॉकडाउन

दिल्ली संवाददाता
देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ते कोरोनावायरस संक्रमण के मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। इस बीच दिल्ली सरकार ने राजधानी में 1 हफ्ते और लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला लिया है। इससे पहले भी दिल्ली सरकार द्वारा एक हफ्ते का लॉकडाउन बढ़ाया जा चुका था, लेकिन एक बार फिर से 1 हफ्ते के लिए लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। इस बात की जानकारी खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट के जरिए साझा की है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि राजधानी में लॉकडाउन को 1 हफ्ते और बढ़ा दिया गया है. बता दें कि दिल्ली में 19 अप्रैल से लॉकडाउन लगा हुआ है जोकि सोमवार सुबह 2 मई को खत्म होना था। लेकिन इस महामारी में लगातार दिल्ली के अंदर कोरोनावायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जिसको देखते हुये दिल्ली सरकार ने यह फैसला लिया है। वहीं पिछले 24 घंटे के आंकड़ों की बात करें तो शुक्रवार को दिल्ली में 27,047 नए कोरोनावायरस संक्रमित मामले सामने आए थे। जबकि 375 मरीजों ने कोरोनावायरस से लड़ते हुए अपनी जान गवां दी थी।